

भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान को लेकर शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय विस्तार भवन में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती वनाथी श्रीनिवासन ने किया। इस अवसर पर सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रभारियों के द्वारा भाजपा महिला मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सभी सम्मानित गणमान्य पदाधिकारियों का मंच पर स्वागत किया गया।

इसमें शामिल भाजपा की वरिष्ठ नेत्री डॉ० ममता रानी ने बताया कि 2025 में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के लिए यह सदस्यता अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। इस सदस्यता अभियान का विधानसभा चुनाव में पार्टी को सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डाॅ० ममता रानी ने आगे कहा कि एक सितंबर को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी इस सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे। और हम सभी को मिलकर इस अभियान के जरिए विपक्ष के भ्रमजाल को तोड़ना है। तभी हम ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत ‘ के सपने को साकार कर पाएंगे।

इस अवसर पर डॉ ममता रानी ने संकल्प लेते हुए कहा कि मैं भी अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक सदस्य बनाने का काम करूंगी। मेरी कोशिश होगी कि प्रत्येक बूथ पर कम से कम दो सौ नए सदस्य बनाउं । उक्त कार्यशाला में राष्ट्रीय संगठन मंत्री (संघ) संतोष बीएल, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा (महिला मोर्चा सदस्यता अभियान) , महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती वनाथी श्रीनिवासन समेत बड़ी संख्या में भाजपा के संगठन पदाधिकारी उपस्थित थे।
