फ्लिपकार्ट गोदाम डकैती कांड में शातिर  गिरफ्तार: जांच में बड़ी खुलासा, फ्लिपकार्ट को ही बनता था निशाना

Tirhut News

बिहार पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो फ्लिपकार्ट के कार्यालयों को निशाना बनाता था। इस गिरोह के सदस्य बिहार के विभिन्न जिलों में फैले हुए हैं। लूट व डकैती की घटना को अंजाम देने से पहले ये रैकी करते हैं। फिर गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर बड़ी घटनाओं को अंजाम देते हैं।
मुजफ्फरपुर पुलिस के कप्तान सुशील कुमार ने जिले के सदर थाना के खबरा में बीते दिनों हुए फ्लिपकार्ट लूट कांड का उद्भेदन करते हुए इस गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस गिरोह के सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस के पूछताछ में जो बातें सामने आई हैं, उससे जिला पुलिस के भी होश उड़ गए हैं।


जिले के सदर थाना के खबरा में बीते दिनों 19 जनवरी की रात्रि में 9-10 की संख्या में अज्ञात अपराधियों ने फ्लिपकार्ट के गोदाम में धावा बोलकर 5 लाख रुपये की डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था।

इस दौरान सायरन बजने के कारण  अपराधियों ने भागने के क्रम में फ्लिपकार्ट गोदाम में काम करने वाले मनियारी थाना क्षेत्र के सिलौत बासुदेव गांव निवासी  डिलेवरी बॉय प्रकाश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद मृतक के भाई विकाश कुमार के बयान पर सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।


वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील के निर्देश पर नगर एसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। जिसमें नगर डीएसपी 2 विनीता सिन्हा, सदर थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस कर्मियों को टीम में शामिल किया गया था।


विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर सरैया थाना क्षेत्र के बहिलवाड़ा गांव से शातिर अपराधी संदीप कुमार झा को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से पुलिस टीम ने डकैती में प्रयुक्त एक देसी कट्टा व कारतूस बरामद किया है। साथ ही इनके पास से लुटे गए राशि में से 11हजार बरामद किया गया है।
मुजफ्फरपुर एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी संदीप कुमार झा डकैती कांड में मुख्य भूमिका में था। घटना से पहले इसने बारीकी से फ्लिपकार्ट के गोदाम का रैकी किया था। उसके बाद अपने साथियों के साथ मिलकर डकैती की घटना को अंजाम दिया था।


पुलिस के पूछताछ में गिरफ्तार अपराधी ने कई कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। जिले के करजा, अहियापुर, सदर, कांटी और सरैया थाना क्षेत्र में हाल की दिनों में हुई लूट कांड में भी शामिल था। पुलिस के जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार अपराधी फ्लिपकार्ट के गोदाम को ही निशाने बनाते हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *