
मुजफ्फरपुर के मीनापुर प्रखंड के मदारीपुर कर्ण वार्ड 14 में नल जल योजना की जलापूर्ति पिछले चार वर्षों से बंद है। इस गंभीर समस्या को लेकर छात्र राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार ने जिला लोकशिकायत निवारण अधिकारी के पास परिवाद दायर किया है।
परिवाद पत्र में उल्लेख किया गया है कि जब चार वर्षों से जल आपूर्ति ठप है, तो बिजली बिल के नाम पर निकासी किस आधार पर हो रही है? इसके अलावा, रिपेयरिंग के नाम पर लगातार तीन वर्षों से अवैध रूप से राशि की निकासी की जा रही है। इस संबंध में एक वर्ष पूर्व जिला अधिकारी से भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। कई बार कार्यपालक अभियंता, कन्या अभियंता और प्रखंड विकास पदाधिकारी को भी सूचित किया गया, परंतु कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उच्च स्तरीय जांच की मांग
अमरेन्द्र कुमार ने परिवाद दायर करने के बाद कहा कि नल जल योजना में बड़े पैमाने पर लूट-खसोट हो रही है। सरकार ने विभाग तो बदल दिया, लेकिन लूट और भ्रष्टाचार जारी है, जिससे जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना जलापूर्ति के ही समय-समय पर अवैध निकासी की जा रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस मामले की सही से जांच नहीं हुई, तो वे सक्षम न्यायालय में भी शिकायत दर्ज कराएंगे।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
स्थानीय निवासियों ने भी इस मुद्दे पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि चार वर्षों से जलापूर्ति ठप होने के कारण उन्हें पीने और दैनिक उपयोग के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वे प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं।
– तिरहूत न्यूज