
पटना: बिहार भाजपा के संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए वरिष्ठ नेता दिलीप जायसवाल को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पटना के बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस फैसले की औपचारिक घोषणा की। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे।
संवैधानिक रूप से की गई घोषणा
हालांकि, दिलीप जायसवाल पिछले छह महीने से इस पद पर कार्यरत थे, लेकिन आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी। अब संवैधानिक प्रक्रिया के तहत उनके नाम की औपचारिक घोषणा कर दी गई है। सोमवार से शुरू हुई प्रदेश अध्यक्ष चयन प्रक्रिया के तहत जायसवाल ने पार्टी के चुनाव पदाधिकारी एवं प्रदेश महामंत्री राजेश वर्मा के समक्ष पर्चा दाखिल किया था। उनके समर्थन में दोनों डिप्टी सीएम, स्वास्थ्य मंत्री और एमएलसी संजय मयूख प्रस्तावक बने थे। मंगलवार को भाजपा आलाकमान ने उनके नाम पर अंतिम मुहर लगा दी, जिसके बाद वह 2025-27 तक प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य करेंगे।
‘बिहार है तैयार, फिर से एनडीए सरकार’
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस मौके पर ‘बिहार है तैयार, फिर से एनडीए सरकार’ का नारा दिया। वहीं, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की जनता एक बार फिर एनडीए सरकार को बहुमत से जिताने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि 2025 में 200+ सीटों के साथ एनडीए सरकार बनाएगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश
प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दिलीप जायसवाल की घोषणा के बाद बिहार भाजपा के कार्यकर्ताओं में जोश देखने को मिला। पार्टी कार्यालय और विभिन्न जिलों में भाजपा समर्थकों ने जश्न मनाया। अब आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा नई रणनीति और नेतृत्व के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।
तिरहूत न्यूज़ के लिए विशेष रिपोर्ट