
मुजफ्फरपुर जिला बार एसोसिएशन चुनाव 2025: रामबाबू ठाकुर अध्यक्ष और सच्चिदानंद महासचिव पद पर फिर से विजयी
मुजफ्फरपुर | तिरहूत न्यूज़ डेस्क
मुजफ्फरपुर: जिला बार एसोसिएशन, मुजफ्फरपुर के बहुप्रतीक्षित चुनाव परिणाम शुक्रवार को संपन्न मतदान के बाद शनिवार देर रात घोषित किए गए। 13 चक्रों की मतगणना और नौ टेबलों पर चले गणना कार्य के बाद अध्यक्ष पद पर रामकृष्ण ठाकुर उर्फ रामबाबू ठाकुर और महासचिव पद पर सच्चिदानंद सिंह को विजयी घोषित किया गया।
अध्यक्ष पद पर बड़ी जीत
रामबाबू ठाकुर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अजय नारायण सिन्हा को 676 मतों से पराजित किया। उन्हें कुल 1456 मत प्राप्त हुए, जबकि अजय नारायण सिन्हा को 780 मत मिले। यह लगातार दूसरा कार्यकाल है जब ठाकुर ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है।
महासचिव पद पर भी सच्चिदानंद की वापसी
महासचिव पद पर सच्चिदानंद सिंह ने 995 मतों के साथ जीत दर्ज की। उन्होंने प्रवीण कुमार को 202 मतों से हराया, जिन्हें 793 मत मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर सुधीर ओझा की जीत
कोषाध्यक्ष पद पर सुधीर कुमार ओझा ने 748 मत प्राप्त करते हुए सुनील कुमार ओवास्तव को 234 मतों से पराजित किया। ओवास्तव को कुल 514 मत मिले।
मतगणना में गहमागहमी और रोचकता
सुबह 9 बजे से शुरू हुई मतगणना देर रात एक बजे तक चली। मतगणना के लिए कुल 9 टेबल बनाए गए थे, और प्रत्येक टेबल पर दो-दो गणना पदाधिकारी तैनात थे। कुल 13 राउंड में मतगणना पूरी हुई।
50 से अधिक मतपत्र रहे अमान्य या अधूरे
मतगणना के दौरान कई ऐसे मतपत्र मिले जिनमें कुछ पदों के लिए कोई मुहर नहीं लगी थी। ऐसे मतों की संख्या 50 से अधिक बताई जा रही है, जो कुछ पदों के परिणाम को प्रभावित करते दिखे।
101 उम्मीदवार थे मैदान में, 2576 अधिवक्ताओं ने डाला मत
27 पदों के लिए कुल 101 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। मतदान के लिए वकालतखाना भवन में सात और बार लाइब्रेरी भवन में छह मतदान केंद्र बनाए गए थे। कुल 2576 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
निर्विरोध चयन भी हुआ
ऑडिटर के दो और पुस्तकालय समिति के तीन पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है, जिसकी घोषणा चुनाव परिणामों के साथ की जाएगी।
तिरहूत न्यूज़ की टीम विजयी उम्मीदवारों को बधाई देती है और उम्मीद करती है कि अधिवक्ताओं के हित में ये पदाधिकारी सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।