बिहार में फिर एनकाउंटर: कुख्यात अपराधी रणवीर महतो पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

Tirhut News

बिहार में फिर एनकाउंटर: कुख्यात अपराधी रणवीर महतो पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

तिरहूत न्यूज डेस्क | बेगूसराय | 21 मई 2025

बेगूसराय: बिहार में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को बेगूसराय जिले के नावकोठी थाना क्षेत्र में एक बड़ा एनकाउंटर हुआ। कुख्यात अपराधी रणवीर महतो को एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, नावकोठी थाना क्षेत्र के समसा गांव स्थित बॉसबिट्टी इलाके में मचान पर रणवीर महतो अपने अन्य सहयोगियों के साथ हथियारों के साथ मौजूद था और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहा था।

फायरिंग के बीच जवाबी कार्रवाई

STF को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में 25 हजार का इनामी रणवीर महतो पुलिस की गोली से घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

ये हथियार बरामद

मौके से एक रायफल, दो देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, पांच खोखा, दो मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की गई है। रणवीर महतो के अन्य साथी मुठभेड़ के दौरान फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश जारी है।

गंभीर आपराधिक इतिहास

रणवीर महतो के खिलाफ हत्या, रंगदारी, लूटपाट और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं। फिलहाल उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसके संभावित ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी जारी है।

क्या कहते हैं अधिकारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रणवीर महतो की गिरफ्तारी एक बड़ी कामयाबी है और इससे इलाके में अपराधियों के हौसले पस्त होंगे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *