
वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन सिखाने मांझी में शुरू हुआ 5 दिवसीय प्रशिक्षण, बाहर से भी आए विशेषज्ञ
मांझी (सारण)। किसानों की आमदनी बढ़ाने और पशुपालन को वैज्ञानिक ढंग से करने के लिए कृषि विज्ञान केन्द्र मांझी में बकरी और गाय पालन विषय पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। यह कार्यक्रम 26 जुलाई से 30 जुलाई 2025 तक चलेगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत शुक्रवार को द्वीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस मौके पर जिला पशुपालन पदाधिकारी ओबैदुल्लाह, डॉ. जी. विनायक, विजय कुमार, राकेश कुमार समेत कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का उद्घाटन कृषि विज्ञान केन्द्र मांझी के वरीय वैज्ञानिक डॉ. एस. के. राय ने किया।
डॉ. राय ने बताया कि जिले के किसानों की मांग और राज्य सरकार की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए इस प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा, समस्तीपुर से जुड़े विभिन्न कृषि विज्ञान केन्द्रों के वरीय वैज्ञानिकों को आमंत्रित किया गया है। इसमें मधुबनी, परसौनी, पश्चिमी चंपारण, सरैया और मुजफ्फरपुर के विशेषज्ञ शामिल हैं।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण पशुपालन, बीमारियों की रोकथाम, आधुनिक आहार तकनीक, गुणवत्ता बढ़ाने की विधि, और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के तरीके बताए जाएंगे। प्रशिक्षण का उद्देश्य पशुपालन को परंपरागत तरीकों से निकालकर वैज्ञानिक पद्धतियों की ओर ले जाना है ताकि किसानों को अधिक आय हो और पशुधन की उत्पादकता भी बढ़े।