प्रत्यय अमृत बनेंगे बिहार के नए मुख्य सचिव, मुजफ्फरपुर की धरती से निकला प्रशासनिक नेतृत्व का सितारा

Tirhut News

मुजफ्फरपुर | तिरहूत न्यूज नेटवर्क | दीक्षा कुमारी

बिहार सरकार ने एक अहम प्रशासनिक फैसला लेते हुए 1991 बैच के सीनियर आईएएस अधिकारी प्रत्यय अमृत को बिहार का अगला मुख्य सचिव नियुक्त किया है। वे 1 सितंबर 2025 को पदभार संभालेंगे। वर्तमान मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
मूल रूप से गोपालगंज, पर पूरी परवरिश मुजफ्फरपुर में

प्रत्यय अमृत का मूल जिला गोपालगंज है, लेकिन उनका बचपन, शिक्षा और युवावस्था मुजफ्फरपुर शहर में ही बीती। वे पड़ाव पोखर इलाके के निवासी हैं। यहीं से उनकी प्रशासनिक सोच और नेतृत्व की नींव पड़ी।
शिक्षाविद परिवार से आते हैं प्रत्यय अमृत

उनके पिता डॉ. रिपु सूदन श्रीवास्तव बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर में फिलॉसफी विभाग के प्रमुख (HoD) रहे हैं। बाद में वे बी.एन. मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के कुलपति पद से रिटायर हुए। उनकी माता भी प्रोफेसर थीं।

प्रत्यय अमृत ने प्रभात तारा स्कूल, मुजफ्फरपुर से स्कूली पढ़ाई की। वे बचपन से ही मेधावी, अनुशासित और नेतृत्व क्षमता से भरपूर रहे हैं।
सरकार की अधिसूचना में क्या कहा गया?

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना (संख्या: 14354, दिनांक: 04.08.2025) में कहा गया है:

“प्रत्यय अमृत, आईएएस (1991) को दिनांक 01.09.2025 से मुख्य सचिव, बिहार के पद पर नियुक्त किया जाता है। तब तक वे मुख्य सचिव कार्यालय का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।”
वर्तमान में संभाल रहे कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ

अभी प्रत्यय अमृत विकास आयुक्त, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव और आपदा प्रबंधन विभाग का कार्यभार संभाल रहे हैं। उन्होंने बिहार में ऊर्जा, शहरी विकास, परिवहन, स्वास्थ्य और प्रशिक्षण जैसे क्षेत्रों में नीतिगत बदलाव किए हैं।

उनके कार्यकाल में बिजली विभाग का सुधार मॉडल, कोविड प्रबंधन, और आपदा राहत की कार्यकुशलता पूरे देश में सराही गई।
तिरहूत क्षेत को गर्व: अब बिहार प्रशासन में तिरहूत की आवाज़

मुजफ्फरपुर की धरती से निकले प्रत्यय अमृत की यह उपलब्धि न केवल तिरहूत अंचल, बल्कि पूरे बिहार के लिए गौरव का विषय है। एक शिक्षित, विचारशील और संवेदनशील अधिकारी का बिहार का शीर्ष प्रशासनिक प्रमुख बनना एक सकारात्मक संकेत है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *