
मुजफ्फरपुर: कांटी क्षेत्र के दामोदरपुर गंगाराम पोखर से रविवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा दामोदरपुर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः गंगाराम पोखर पहुंचकर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सम्पन्न हुई। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां और प्रभु श्रीराम समेत कई देवी-देवताओं के रथ भी शामिल थे।
इस मौके पर राज्य के पूर्व मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता अजीत कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। आयोजकों ने उन्हें अंगवस्त्र और गदा भेंटकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने क्षेत्रवासियों से आपसी भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने की अपील की तथा कांटी क्षेत्र की शांति और प्रगति के लिए प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की।
कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर नगर निगम की महापौर निर्मला साहू सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि बीते 40 वर्षों से लगातार यह शोभायात्रा स्थानीय सनातन धर्मावलंबियों द्वारा निकाली जा रही है। इस बार हजारों की संख्या में लोगों की सहभागिता ने इसकी भव्यता को और बढ़ा दिया। विधि-व्यवस्था को लेकर कांटी थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
शोभायात्रा की शांतिपूर्ण सफलता पर पूर्व मंत्री अजीत कुमार ने आयोजकों, पुलिस बल और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
आयोजन में प्रमुख भूमिका निभाने वालों में प्रेम सराफ, गणेश गुप्ता, किशोर भगत, विजय चौधरी, अरविंद पासवान, बैद्यनाथ प्रसाद कुशवाहा, नवल गुप्ता, सुरेश चौधरी, विजय शाह, अनिरुद्ध चौधरी, राज मालाकार बंगाली और नवल प्रसाद शामिल थे।