
मुजफ्फरपुर, तिरहूत न्यूज। जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद एक बार फिर खूनी रूप ले चुका है। मोरहर गांव में मंगलवार को एक युवक के 10 वर्षीय बेटे को गोली मार दी गई। घटना के पीछे पहले से चले आ रहे जमीन विवाद को वजह बताया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है। घायल बच्चे का इलाज अस्पताल में जारी है।
क्या है पूरा मामला?
मोरहर गांव निवासी सोनू कुमार का अपने ही गांव के चंदेश्वर ठाकुर से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। लगभग एक सप्ताह पहले दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी, जिसके बाद सोनू ने साहेबगंज थाना में चंदेश्वर ठाकुर व उनके बेटों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी।मंगलवार को पुलिस कार्रवाई करते हुए चंदेश्वर ठाकुर और उनके बड़े बेटे नितेश कुमार को गिरफ्तार कर थाने ले गई। इसी बात से चंदेश्वर का छोटा बेटा रिकेश ठाकुर बौखला गया और बदला लेने की नीयत से सोनू के घर हथियार लेकर जा पहुंचा।
महिला को दी गालियाँ, फिर बेटे पर चलाई गोली
रिकेश ने पहले सोनू की पत्नी पम्मी देवी को गालियाँ दीं और फायरिंग की, लेकिन पम्मी देवी दरवाज़ा बंद कर बाल-बाल बच गईं। तभी पास में खाना खा रहे सोनू के 10 वर्षीय बेटे आयुष को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली आयुष के बाएं पैर में लगी।गोली की आवाज़ और महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण जुटे तो रिकेश मौके से फरार हो गया।
इलाज जारी, पुलिस कर रही छापेमारी
घायल आयुष को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस ने चंदेश्वर ठाकुर और उनके बड़े बेटे नितेश कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब फरार आरोपी रिकेश ठाकुर की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का बयान
एसडीपीओ सरैया कुमार चंदन ने बताया कि यह घटना जमीन विवाद से जुड़ी है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और तीसरे की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।तिरहूत न्यूज़ लगातार इस मामले पर नजर बनाए हुए है। जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, हम आप तक अपडेट पहुंचाते रहेंगे।